Desi Discoveries के एक और रोमांचक सफर में आपका स्वागत है। जैसा कि आप जानते हैं, राजस्थान की रेत में कुछ ऐसी जादुई बात है जो हर बार मुझे अपनी ओर खींच लेती है। इस बार मौका और भी खास है—जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल 2026।

आज 28 जनवरी, 2026, यानी माघ महीने की बड़ी दशमी है। आज सुबह जब मैं बीकानेर से अपनी गाड़ी लेकर जैसलमेर की ओर निकला, तो मन में उत्साह और आंखों में सुनहरे धोरो के सपने थे।
कोलायत जी की शांति और वो कड़क चाय
बीकानेर से निकलने के कुछ ही देर बाद मेरा पहला पड़ाव था कोलायत जी। यहाँ के पवित्र सरोवर और घाटों के दर्शन करके मन को जो शांति मिली, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। दर्शन के बाद वहीं सड़क किनारे एक छोटी सी टपरी पर 'कड़क चाय' का लुत्फ उठाया। रेगिस्तान की ठंडी हवा और गर्म चाय—यही तो असली सफर का मजा है!
रामदेवरा (रूणिचा) में दशमी के दर्शन
सफर आगे बढ़ा और मैं पहुँचा बाबा रामदेव जी के धाम, रामदेवरा। आज बड़ी दशमी का खास दिन था, इसलिए यहाँ की रौनक देखने लायक थी। बाबा के दर्शन हुए और भक्तों की श्रद्धा देखकर दिल खुश हो गया। आज के दिन यहाँ होना किसी आशीर्वाद से कम नहीं था।


पोखरण में आज का विश्राम
शाम करीब 5:30 बजे मैं पोखरण पहुँच गया हूँ। आज रात का स्टे यहीं है। पोखरण सिर्फ एक ऐतिहासिक शहर नहीं है, बल्कि यह उस महान उत्सव का द्वार है जिसका मुझे बेसब्री से इंतज़ार है।

आगे क्या होने वाला है?
कल, यानी 29 जनवरी को पोखरण में डेजर्ट फेस्टिवल के शानदार कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद 30 जनवरी से 1 फरवरी तक सारा जश्न जैसलमेर के रेतीले टीलों के बीच शिफ्ट हो जाएगा।
Desi Discoveries पर मैं आपके लिए इस फेस्टिवल की हर छोटी-बड़ी झलक लेकर आऊंगा। ऊंटों की दौड़, लोक संगीत, और लजीज राजस्थानी खाने के लिए तैयार हो जाइए!
कल सुबह की नई तस्वीरों और वीडियो के साथ मिलते हैं। तब तक के लिए, राम-राम!
Interested in this experience?
Share your details and our team will connect with you.




